क्राइम: खटीमा हादसे में दो युवकों की मौत, किच्छा में दोस्ती के नाम पर लाखों की ठगी

खटीमा हादसे में दो युवकों की मौत, किच्छा में दोस्ती के नाम पर लाखों की ठगी

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा

ऊधम सिंह नगर। जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। एक ओर खटीमा में दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर किच्छा क्षेत्र में दोस्ती के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

खटीमा में भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौत
खटीमा के चकरपुर-बनबसा मार्ग पर बीती देर शाम एक कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार युवक ओवरटेक कर रहे थे, तभी सामने से आ रही कार से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक कार में घुसकर दो टुकड़ों में बंट गई और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना पर चकरपुर पुलिस चौकी टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों घायलों को खटीमा के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान नावेद खान (29) पुत्र बाबू खान और नमन (25) पुत्र सुरेंद्र कुमार, दोनों निवासी वार्ड नंबर 13 खटीमा के रूप में हुई है। दोनों की शादी को ज्यादा समय नहीं हुआ था, जिससे परिजनों में गहरा शोक व्याप्त है।

चकरपुर चौकी इंचार्ज एसआई विकास कुमार के अनुसार, “दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और दुर्घटना की जांच जारी है।” हादसे का वीडियो कार के डैशबोर्ड कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है, जिसमें ओवरटेकिंग के दौरान टक्कर होती दिखाई दे रही है।

किच्छा में दोस्ती के नाम पर लाखों की धोखाधड़ी

वहीं किच्छा क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। माता फार्म नजीमाबाद निवासी जसवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके दोस्त शिवम नागपाल ने उसकी मुलाकात ध्रुव दुआ से कराई थी।

ध्रुव दुआ ने जसवीर को नई कार खरीदकर किसी कंपनी में लगवाने का लालच दिया और अच्छी कमाई का भरोसा दिलाया। उसके झांसे में आकर जसवीर सिंह ने अपने नाम पर फाइनेंस के जरिए इनोवा क्रिस्टा कार खरीदी और उसे ध्रुव को सौंप दिया।

शुरुआत में कुछ किस्तें जमा करने के बाद आरोपी ने भुगतान बंद कर दिया। बाद में जांच करने पर पता चला कि ध्रुव दुआ ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उक्त कार को दिल्ली में एक कार डीलर को बेच दिया है।

मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

दोनों घटनाओं के बाद जिले में एक ओर जहां शोक का माहौल है, वहीं धोखाधड़ी के मामले ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी भी दी है।