बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में बढ़ा एवलॉन्च खतरा। 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी

उत्तराखंड में बढ़ा एवलॉन्च खतरा। 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, प्रशासन ने जारी की सख्त एडवाइजरी

उत्तराखंड के उच्च हिमालयी इलाकों में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने खतरे की घंटी बजा दी है। Defence Geo Informatics Research Establishment (DGRE) ने राज्य के संवेदनशील जिलों उत्तरकाशी,

चमोली और पिथौरागढ़ में हिमस्खलन (एवलॉन्च) को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बर्फबारी और मौसम में उतार-चढ़ाव के कारण नई और पुरानी बर्फ के बीच असंतुलन पैदा हो गया है,

जिससे एवलॉन्च का खतरा तेजी से बढ़ गया है। इन जिलों को डेंजर लेवल-3 में रखा गया है, जो मध्यम से उच्च जोखिम को दर्शाता है।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और पुराने एवलॉन्च जोन से दूर रहें।

खासतौर पर 2700 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अगले कुछ दिनों के लिए निचले इलाकों में शिफ्ट होने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा प्रशासन ने बर्फबारी वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी बढ़ाने, छतों पर जमा बर्फ हटाने और फिसलन भरे रास्तों पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। ट्रेकर्स और पर्यटकों को भी हाई-रिस्क इलाकों में जाने से सख्ती से रोका गया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो सकती है। ऐसे में लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।