अवैध खनन पर बड़ी कारवाई, चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
रुद्रपुर। Udham Singh Nagar जिले में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Ajay Ganpati ने अवैध खनन पर प्रभावी रोक न लगाने और ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप में Shaktifarm चौकी प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि शक्तिफार्म चौकी क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एसएसपी ने मामले का संज्ञान लिया और इसकी समीक्षा कराई। जांच में सामने आया कि क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा था, लेकिन तैनात पुलिसकर्मियों की ओर से उस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
चौकी प्रभारी समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
ड्यूटी में लापरवाही और अवैध गतिविधियों पर अंकुश न लगाने को गंभीर मानते हुए एसएसपी ने उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र भट्ट सहित चौकी में तैनात कुल आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।
एसएसपी का सख्त संदेश
इस कार्रवाई के बाद एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दिए गए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। साथ ही यह संदेश भी गया है कि जिले में अवैध खनन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर पुलिस प्रशासन किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है।



