बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में गैस सिलेंडर संकट पर सियासत तेज, कांग्रेस का सरकार पर हमला

उत्तराखंड में गैस सिलेंडर संकट पर सियासत तेज, कांग्रेस का सरकार पर हमला

देहरादून। उत्तराखंड में गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर प्रदेश में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने धामी सरकार पर विभागों के बीच तालमेल की कमी का आरोप लगाया है, जबकि भाजपा ने इसे वैश्विक परिस्थितियों का असर बताते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून स्थित पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में गैस संकट सरकार के विभागों के बीच तालमेल की कमी का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी से बचते नजर आ रहे हैं। गोदियाल ने आशंका जताई कि अंतरराष्ट्रीय हालात को देखते हुए आने वाले समय में गैस की किल्लत और बढ़ सकती है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार को पेट्रोलियम पदार्थों पर बढ़ती निर्भरता को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर समय रहते बेहतर कूटनीतिक प्रयास किए जाते तो इस स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था।

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में जारी युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के कारण पूरी दुनिया पेट्रोलियम आपूर्ति संकट से गुजर रही है।

इसके बावजूद केंद्र सरकार की रणनीतिक तैयारी के चलते देश में कहीं भी पेट्रोलियम पदार्थों की गंभीर किल्लत नहीं है।

महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी दल इस वैश्विक संकट को भी राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश कर रहे हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से गैस की कमी और महंगाई को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है।