काशीपुर में तेंदुओं की मूवमेंट से दहशत, चैती मेले से पहले बढ़ी चिंता
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर के चैती इलाके में दो तेंदुओं की मूवमेंट देखे जाने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया है। जिस क्षेत्र में तेंदुए दिखाई दिए हैं, उसी के पास जल्द ही उत्तर भारत का प्रसिद्ध चैती मेला शुरू होने वाला है। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के मुताबिक, चैती क्षेत्र में स्थित ब्लॉक ऑफिस के सामने वाली गली में देर रात दो तेंदुए घूमते हुए नजर आए। जैसे ही यह खबर इलाके में फैली, लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय घरों से बाहर निकलने में अब लोग डर महसूस कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, तेंदुओं की यह पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई है। फुटेज में देर रात दो तेंदुए सड़क और आसपास के इलाके में घूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटना सामने आने के बाद लोगों ने एहतियात के तौर पर रात में बाहर निकलना कम कर दिया है।
सबसे बड़ी चिंता इस बात को लेकर है कि जिस इलाके में तेंदुओं की मूवमेंट देखी गई है, उसी के पास चैती ग्राउंड स्थित है, जहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं।
जल्द ही यहां उत्तर भारत का प्रसिद्ध चैती मेला शुरू होने वाला है, ऐसे में मेले में आने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय निवासी और अधिवक्ता आकाश वर्मा का कहना है कि इलाके में लंबे समय से झाड़ियों और घास की ठीक से सफाई नहीं हुई है, जिसके कारण जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि तेंदुओं की मौजूदगी से आसपास रहने वाले लोग काफी डरे हुए हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके में गश्त बढ़ाई जाए और तेंदुओं को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना से पहले स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
फिलहाल इस घटना के बाद पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। अब देखना यह होगा कि वन विभाग कब तक कार्रवाई करता है और क्षेत्र के लोगों को इस डर के माहौल से राहत दिला पाता है।



