हत्या, टुकड़े और गुमशुदगी रिपोर्ट, कैसे खुली साजिश की परतें। पढ़ें….
लखनऊ के आशियाना इलाके में सामने आया पिता की हत्या का मामला अब और भी भयावह मोड़ ले चुका है। पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि 21 वर्षीय,
आरोपी अक्षत प्रताप सिंह ने अपने पिता मानवेंद्र सिंह की हत्या अपनी सगी बहन के सामने की थी। सूत्रों के अनुसार, हत्या के बाद उसने शव के टुकड़े किए और बहन को धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर किया।
बहन के सामने वारदात, फिर धमकी
जानकारी के मुताबिक, 20 फरवरी को पिता-पुत्र के बीच तीखा विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान अक्षत ने पिता को गोली मार दी। उस समय उसकी बहन भी घर में मौजूद थी और पूरी घटना की प्रत्यक्षदर्शी बनी।
हत्या के बाद आरोपी ने कथित रूप से शव के टुकड़े किए और बहन को साफ शब्दों में धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो परिणाम गंभीर होंगे।
भाई के इस खौफनाक रूप और पिता के शव की हालत देखकर बहन सदमे में चली गई और लंबे समय तक चुप रही।
मशीन से शव के टुकड़े, नीले ड्रम में छिपाया धड़
- पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने शव को तीसरी मंजिल से नीचे एक खाली कमरे में ले जाकर काटा।
- हाथ-पांव के हिस्सों को बैग में भरकर सदरौना इलाके के पास फेंका गया।
- पेट और धड़ का हिस्सा एक नीले ड्रम में घर के भीतर छिपाकर रखा गया।
- शक से बचने के लिए आरोपी ने खुद ही पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस का मानना है कि आरोपी बाकी हिस्सों को भी ठिकाने लगाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही गिरफ्त में आ गया।
” डाक्टर बनाना चाहते थे पिता”
मृतक मानवेंद्र सिंह शराब और दवा के कारोबारी बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था।बताया जा रहा है,
कि पिता अपने बेटे को डॉक्टर बनाना चाहते थे, लेकिन अक्षत का पढ़ाई में मन नहीं लगता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी पहले भी घर छोड़कर जा चुका था, लेकिन वापस आने के बाद भी संबंध सामान्य नहीं हो पाए।
पुलिस और फॉरेंसिक जांच
उत्तर प्रदेश पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।फॉरेंसिक टीम घर से बरामद साक्ष्यों की जांच कर रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। डिजिटल और बैलिस्टिक एंगल की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों को वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जोड़ा जा रहा है और जल्द ही पूरी घटना की आधिकारिक टाइमलाइन सामने लाई जाएगी।



