GST दफ्तर से 20 हजार की रिश्वत लेते घूसखोर कर्मचारी गिरफ्तार,
हरिद्वार। हरिद्वार में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जीएसटी कार्यालय में कार्यरत एक उपनल कर्मी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान प्रमोद सेमवाल के रूप में हुई है, जो सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर तैनात था।
पुराने वैट टैक्स निपटाने के नाम पर मांगी 1.20 लाख की रिश्वत
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी फर्म “हिमांशी पैकेजिंग इंडस्ट्री” वर्ष 2021 में बंद हो चुकी है। जीएसटी लागू होने से पहले वर्ष 2017 के अंतिम तीन माह का 1,76,000 रुपये वैट टैक्स बकाया बताया गया था।
आरोप है कि इस देनदारी को समाप्त करने के नाम पर आरोपी कर्मी ने 1 लाख 20 हजार रुपये नकद रिश्वत की मांग की और रकम किस्तों में देने को कहा।
जाल बिछाकर रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। 24 फरवरी को सहायक आयुक्त राज्य कर खंड-3 हरिद्वार कार्यालय के पास आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रमोद सेमवाल उपनल के माध्यम से पिछले करीब 18 वर्षों से उक्त कार्यालय में कार्यरत था।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पुराने वैट मामलों के निपटान के नाम पर रिश्वत मांग रहा था। सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



