बड़ी खबर: देहरादून में फिर सनसनी। युवक की बेसबॉल बैट से हत्या, दोस्तों पर आरोप

देहरादून में फिर सनसनी। युवक की बेसबॉल बैट से हत्या, दोस्तों पर आरोप

रिपोर्ट- राजकुमार धीमान

राजधानी देहरादून में कारोबारी अर्जुन शर्मा और गैंगस्टर विक्रम शर्मा की दिनदहाड़े हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि शहर एक और जघन्य वारदात से दहल उठा। इस बार एक युवक की कथित तौर पर बेसबॉल बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप उसके ही दोस्तों पर है।

पुलिस के अनुसार शास्त्रीनगर, खाला (वसंत विहार) निवासी दिगंबर धीमान की हत्या उसके परिचितों ने की और शव को हरिद्वार की दिशा में ले जाकर ठिकाने लगा दिया। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

कोर्ट पेशी के बाद दोस्तों के साथ गया था

जानकारी के मुताबिक वर्ष 2021 में दिगंबर के खिलाफ यौन उत्पीड़न से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। 9 फरवरी को उसकी विशेष अदालत में पेशी थी। पेशी के बाद वह अपने पिता के साथ घर लौटा, लेकिन शाम को पिता को घर भेजकर खुद नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में दोस्तों के साथ पार्टी करने चला गया।

बहस के बाद मारपीट, सिर पर वार से मौत

रात के दौरान उसके चार परिचितों के साथ कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसी दौरान एक युवक ने बेसबॉल बैट/डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घबराए आरोपितों ने टैक्सी बुक कर शव को हरिद्वार की ओर ले जाकर फेंक दिया।

गुमशुदगी से खुला मामला

घर न लौटने पर दिगंबर के पिता ने 11 फरवरी को वसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध परिस्थितियों की जानकारी मिली। इसके बाद एक युवक को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर शव की तलाश में टीमें जुटी हैं।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक:

  • घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
  • कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाले जा रहे हैं।
  • टैक्सी बुकिंग की जानकारी जुटाई जा रही है।
  • आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
  • पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बरामदगी के आधार पर आगे की धाराएं तय होंगी।

अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।

उत्तराखंड में हालिया जघन्य वारदातें

  • 29 जनवरी — विकासनगर: 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर (18) की हत्या।
  • 31 जनवरी — ऋषिकेश: घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या।
  • 02 फरवरी — पलटन बाजार, देहरादून: 23 वर्षीय युवती गुंजन की धारदार हथियार से हत्या।
  • 11 फरवरी — तिब्बती मार्केट, देहरादून: 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या।
  • 12 फरवरी — हल्द्वानी: लक्ष्मी और शुभम की पत्थर से कुचलकर हत्या।
  • 13 फरवरी — सिल्वर सिटी मॉल, देहरादून: युवक की गोली मारकर हत्या।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में बढ़ते आपराधिक घटनाक्रम को लेकर आमजन में भय और आक्रोश का माहौल है।