पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली? SBI अधिकारी ने दर्ज कराया मुकदमा
रिपोर्ट- दिलीप अरोरा
काशीपुर (उधम सिंह नगर)। उत्तराखंड में पत्रकारिता की आड़ में ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की कुंडा शाखा की ब्रांच मैनेजर ने एक यूट्यूब चैनल से जुड़े कथित पत्रकार और उसके सहयोगी पर ₹50 हजार की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। मामले के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल मच गई है।
एसबीआई कुंडा ब्रांच की मैनेजर सुमन सिंह (पुत्री करण सिंह) ने कुंडा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि हरियावाला निवासी एक व्यक्ति और एक यूट्यूब चैनल से जुड़े कथित पत्रकार ने षड्यंत्र के तहत उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से एक भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया।
माफीनामा देने के बावजूद नहीं हटाया गया वीडियो
पीड़िता के अनुसार, संबंधित व्यक्ति ने लिखित रूप में माफीनामा भी दिया था, इसके बावजूद कथित पत्रकार ने न तो वीडियो डिलीट किया और न ही चैनल पर माफीनामा प्रसारित किया।
आरोप है कि वीडियो हटाने और चैनल पर सार्वजनिक रूप से माफीनामा डालने के बदले उनसे ₹50 हजार की मांग की गई। ब्रांच मैनेजर का कहना है कि इस पूरी घटना के चलते उन्हें मानसिक प्रताड़ना, दबाव और सामाजिक बदनामी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़िता की तहरीर के आधार पर कुंडा कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, मामले की जांच एसआई नवीन चंद्र को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो, कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारिता की साख पर उठे सवाल
यह मामला एक बार फिर उस गंभीर सवाल को खड़ा करता है कि क्या कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में डराने, दबाव बनाने और अवैध वसूली का माध्यम बना रहे हैं। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी, लेकिन लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और पत्रकारिता की साख से जुड़े हुए हैं।

