बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में बदला मौसम। 10 जिलों में बर्फबारी, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, इस जिले में स्कूल बंद

उत्तराखंड में बदला मौसम। 10 जिलों में बर्फबारी, चार जिलों में ऑरेंज अलर्ट, इस जिले में स्कूल बंद

देहरादून। उत्तराखंड में बसंत पंचमी के मौके पर मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के 10 जिलों में बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ों की चोटियां सफेद चादर से ढक गई हैं। बर्फबारी और बारिश के चलते ठंड एक बार फिर लौट आई है। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में हुई बर्फबारी

बसंत पंचमी पर जिन जिलों में बर्फबारी दर्ज की गई है, उनमें अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्र शामिल हैं।

 

 

करीब तीन महीने बाद राज्य के चार जिलों में बर्फबारी हुई है। यमुनोत्री-गंगोत्री धाम और चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है।

बर्फबारी के बीच विवाह संस्कार

रुद्रप्रयाग जनपद के त्रियुगीनारायण में बर्फबारी के बीच शादी समारोह का अनोखा दृश्य सामने आया, जहां दुल्हा-दुल्हन ने बर्फ गिरते हुए सात फेरे लिए। यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

उत्तरकाशी में यातायात बाधित

उत्तरकाशी के चोरंगी खाल क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते कई वाहन फंस गए, जिससे जाम की स्थिति बन गई। वाहनों को निकालने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम मौके पर तैनात है।

मैदानी जिलों में बारिश

चम्पावत, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के कई इलाकों में सुबह से लगातार बारिश हो रही है। हल्द्वानी में दिनभर बादल छाए रहे, वहीं शीतलहर के साथ बूंदाबांदी और रिमझिम फुहारों ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।

अगले तीन घंटे का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और देहरादून के ऊंचाई वाले क्षेत्र शामिल हैं।

नैनीताल में सीजन की पहली बर्फबारी

नैनीताल में मौसम की पहली बर्फबारी से पूरा नगर सफेद चादर में ढक गया है। नयना पीक, स्नोव्यू, टिफिन टॉप, किलबरी, सात नंबर, बिड़ला चुंगी समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि मॉल रोड पर बारिश और हल्के ओले पड़े।

बर्फबारी से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के चेहरे खिल उठे हैं, हालांकि तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। खास बात यह है कि इस शीतकाल में नैनीताल में विंटर रेन नहीं हुई, बल्कि सीधे बर्फबारी देखने को मिली।

टिहरी में 24 जनवरी को स्कूल बंद

मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जनपद टिहरी गढ़वाल में शनिवार, 24 जनवरी को समस्त शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालय (कक्षा 1 से 12) तथा सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
हालांकि आदेश के अनुसार शिक्षक एवं विभागीय कर्मचारी आवश्यकतानुसार उपस्थित रहेंगे।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने दें और मौसम की गंभीरता को देखते हुए सतर्क रहें। अधिकारियों को मौसम पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।

आगे और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

इन जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित