बिग ब्रेकिंग: भ्रष्टाचार पर प्रहार। 20 हजार की रिश्वत लेते दो फॉरेस्ट गार्ड रंगे हाथ गिरफ्तार

भ्रष्टाचार पर प्रहार। 20 हजार की रिश्वत लेते दो फॉरेस्ट गार्ड रंगे हाथ गिरफ्तार

देहरादून। राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को विजिलेंस सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने रिश्वतखोरी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल की।

टीम ने दो फॉरेस्ट गार्डों को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि दोनों फॉरेस्ट गार्ड लकड़ी छोड़ने के एवज में यह रिश्वत मांग रहे थे।

जानकारी के अनुसार, विजिलेंस निदेशक को एक व्यक्ति ने शिकायत भेजी थी कि वन बैरियर पर लकड़ी छोड़ने के लिए वहां तैनात फॉरेस्ट गार्ड दीपक जोशी (निवासी ग्राम लटोली, चंपावत) और भुवन चंद्र भट्ट (वर्तमान निवासी जूप वार्ड, एमईएस कैंप) रिश्वत की मांग कर रहे हैं।

शिकायत की पुष्टि के बाद निदेशक ने हल्द्वानी सेक्टर के पुलिस अधीक्षक को ट्रेप टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

शनिवार को विजिलेंस टीम ने मस्टा वन बैरियर पर छापा मारते हुए दोनों फॉरेस्ट गार्डों को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपियों के आवास व अन्य ठिकानों पर तलाशी शुरू कर दी है और उनकी चल-अचल संपत्ति की जांच की जा रही है।

विजिलेंस की अपील

विजिलेंस निदेशक वी. मुरुगेशन ने कहा कि यदि किसी सरकारी विभाग में कार्यरत अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करते हुए रिश्वत की मांग करता है या आय से अधिक संपत्ति अर्जित की गई है, तो नागरिक इसकी शिकायत विजिलेंस टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या वॉट्सएप नंबर 9456592300 पर कर सकते हैं।