बड़ी खबर: दमुवाढूँगा वासियों को मिला मालिकाना हक, क्षेत्र में खुशी की लहर

दमुवाढूँगा वासियों को मिला मालिकाना हक, क्षेत्र में खुशी की लहर

रिपोर्ट- दिलीप अरोरा

हल्द्वानी। हल्द्वानी नगर निगम के वार्ड 35, 36 और 37 के दमुवाढूँगा क्षेत्र की जनता के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया।

लंबे संघर्ष के बाद आखिरकार उत्तराखंड शासन ने राजस्व अनुभाग-3 की अधिसूचना (पत्रांक संख्या 539/x ५iii/3/2025/2016) जारी कर क्षेत्रवासियों को मालिकाना हक प्रदान कर दिया। जैसे ही यह सूचना सामने आई, पूरे इलाके में जश्न और खुशी की लहर दौड़ गई।

नगर निगम हल्द्वानी के महापौर गजराज बिष्ट ने इस फैसले पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि दमुवाढूँगा क्षेत्र की जनता वर्षों से इस अधिकार के लिए संघर्ष कर रही थी, जिसे धामी सरकार ने पूरा किया है।

भाजपा नेताओं ने इसे धामी सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह फैसला गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत देगा।

दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर देरी का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता को यह हक बहुत पहले मिलना चाहिए था, लेकिन सरकार ने चुनावी फायदा उठाने के लिए फैसला अब लिया।

निवासियों की खुशी

क्षेत्र के निवासी मनोज जोशी ने कहा, “आज ऐसा लग रहा है मानो हमें नई जिंदगी मिल गई हो। अब हम अपने मकानों की मरम्मत व रजिस्ट्री निश्चिंत होकर कर पाएंगे।”

वहीं गृहिणी मीना देवी ने भावुक होकर कहा, “हमने बरसों तक सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाए, लेकिन आज हमारी मेहनत रंग लाई है। अब हमारे बच्चों का भविष्य सुरक्षित होगा।”

इस अधिसूचना के बाद दमुवाढूँगा के हजारों परिवार मालिकाना हक मिलने से न सिर्फ राहत महसूस कर रहे हैं, बल्कि उन्हें आने वाले समय में क्षेत्र के विकास और बुनियादी सुविधाओं की भी उम्मीदें हैं।