बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में 27 जून तक झमाझम बारिश के आसार, अलर्ट जारी

उत्तराखंड में 27 जून तक झमाझम बारिश के आसार, अलर्ट जारी

देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने 27 जून तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार 22 जून से 27 जून तक उत्तराखंड के 11 पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए राज्य के आठ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

आज इन जिलों में होगी बारिश

सोमवार, 22 जून को गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।

इसके अलावा टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है।

हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में 22 जून को मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है।

23 जून को भी जारी रहेगा बारिश का दौर

मंगलवार, 23 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

राज्य के अन्य पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बादलों की गर्जना के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मंगलवार को भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

24 से 27 जून तक ऐसा रहेगा मौसम

बुधवार, 24 जून से शनिवार, 27 जून तक राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

वहीं, मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में इस अवधि के दौरान भी मौसम शुष्क बना रहेगा।

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और स्थानीय प्रशासन को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने तथा संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।