बिग ब्रेकिंग: UKSSSC ने जारी की वाहन चालक भर्ती की मेरिट सूची, जुलाई में होगा ड्राइविंग टेस्ट

UKSSSC ने जारी की वाहन चालक भर्ती की मेरिट सूची, जुलाई में होगा ड्राइविंग टेस्ट

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक के 75 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। सूची में शामिल अभ्यर्थियों की वाहन चालन एवं दक्षता परीक्षा जुलाई माह में आयोजित की जाएगी।

आयोग द्वारा विज्ञापन संख्या-75/उ०अ०से०च०आ०/2026, दिनांक 10 अप्रैल 2026 के तहत विभिन्न विभागों में वाहन चालक और प्रवर्तन चालक के कुल 75 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 31 मई 2026 को आयोजित की गई थी।

लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर रिक्त पदों के सापेक्ष निर्धारित अनुपात में अभ्यर्थियों की औपबंधिक श्रेष्ठता सूची तैयार की गई है। इस सूची में शामिल अभ्यर्थियों को अब अगले चरण के तहत वाहन चालन एवं दक्षता परीक्षा में शामिल होना होगा।

आयोग ने बताया कि दक्षता परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम, परीक्षा केंद्र और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।
अभ्यर्थी अपनी औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट sssc.uk.gov.in पर जाकर देख सकते हैं।

आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नवीनतम अपडेट और आगामी सूचनाओं के लिए नियमित रूप से वेबसाइट का अवलोकन करते रहें।