शर्मनाक: मेडिकल संचालक पर नाबालिग से दुष्कर्म प्रयास का आरोप, पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तारी

मेडिकल संचालक पर नाबालिग से दुष्कर्म प्रयास का आरोप, पॉक्सो एक्ट में गिरफ्तारी

रिपोर्ट- मयंक पंत
बनबसा। चम्पावत जिले के बनबसा क्षेत्र में एक मेडिकल व्यवसायी को नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार आरोपी राज मुशर्रफ बनबसा क्षेत्र में एक मेडिकल प्रतिष्ठान संचालित करता है। आरोप है कि उसने एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। घटना के बाद परिजनों ने बनबसा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। विभिन्न सामाजिक और हिंदू संगठनों ने घटना की निंदा करते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष पाठक और बजरंग दल के जिला संयोजक पवन मेहता ने पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग करते हुए त्वरित कार्रवाई के लिए चम्पावत पुलिस की सराहना की।

बनबसा थाना प्रभारी सुरेंद्र कोरंगा ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर जांच के बाद आरोपी राज मुशर्रफ के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।