उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, IPS-PPS और PCS अधिकारियों के तबादले
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने लंबे समय से प्रतीक्षित तबादला सूची जारी कर दी है। इस सूची में भारतीय पुलिस सेवा (IPS), प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के कई अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा बदलाव किया गया है। शासन के इस फैसले को प्रशासनिक और पुलिस महकमे में बड़े फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।
तबादला सूची के अनुसार वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अब तक यह दायित्व संभाल रहीं रिद्धिम अग्रवाल को पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था बनाया गया है।
इसके अलावा विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार एवं फायर सर्विस, कृष्ण कुमार वीके को पुलिस महानिरीक्षक यातायात, अनंत शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी, सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक एवं पीएसी, योगेंद्र सिंह रावत को आईजी एसडीआरएफ तथा वरिंदरजीत सिंह को आईजी मुख्यालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं नीलेश आनंद भरणे की जिम्मेदारियों में कटौती करते हुए उनसे सचिव पुलिस और स्पोर्ट्स कंट्रोल रूम का प्रभार वापस ले लिया गया है। उन्हें फिलहाल कोई नई जिम्मेदारी नहीं दी गई है। आयुष अग्रवाल को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार का सेनानायक नियुक्त किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में हरीश वर्मा को सेनानायक आईआरबी प्रथम, अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक सीआईडी देहरादून तथा जितेंद्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात देहरादून बनाया गया है।
PCS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां
प्रशासनिक सेवा में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है।
उनकी जगह राकेश तिवारी को देहरादून का नया सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। साथ ही उन्हें संयुक्त सचिव मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके अलावा गोपाल सिंह बिनवाल को रुड़की नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
PPS अधिकारियों के भी बदले दायित्व
प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) अधिकारियों में वीर सिंह को उपसेनानायक आईआरबी प्रथम, लोग जीत सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था पुलिस मुख्यालय, विमल आचार्य को उपसेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग, शांतनु पाराशर को अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम तथा अंकुश मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन द्वारा जारी इस तबादला सूची को पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्था में दक्षता बढ़ाने तथा विभागीय कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


