बड़ी खबर: LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत

LPG सिलेंडर फिर हुआ महंगा, कमर्शियल गैस सिलेंडर के बढ़े दाम, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत

नई दिल्ली। जून महीने के पहले दिन आम लोगों और कारोबारियों को महंगाई का एक और झटका लगा है। सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 1 जून 2026 से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है।

नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिली है।

तेल कंपनियों द्वारा जारी नई दरों के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

इसके बाद इसकी कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह सिलेंडर 53.50 रुपये महंगा होकर 3,255.50 रुपये का हो गया है।

इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी लगभग 11 रुपये की वृद्धि की गई है। दिल्ली में अब इसके लिए उपभोक्ताओं को 821.50 रुपये चुकाने होंगे।

होटल-रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ सकता है असर

कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और खाद्य कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि गैस की बढ़ी हुई लागत का असर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है।

घरेलू गैस सिलेंडर के दाम स्थिर

तेल कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी।

एक महीने बाद फिर बदली कीमतें

गौरतलब है कि तेल कंपनियों ने मई महीने में भी कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ा संशोधन किया था। अब जून की शुरुआत में एक बार फिर कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। इससे व्यापारिक प्रतिष्ठानों की लागत लगातार बढ़ रही है।

डिलीवरी के लिए लागू है OTP सिस्टम

एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने और वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए तेल कंपनियों ने हाल ही में ओटीपी आधारित डिलीवरी सिस्टम लागू किया है।

नए नियम के तहत गैस सिलेंडर की डिलीवरी के समय उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजा गया ओटीपी बताना अनिवार्य होगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ही सिलेंडर की डिलीवरी की जाएगी।

सालभर बढ़ती रहीं कीमतें

वर्ष 2026 की शुरुआत से ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि देखने को मिली है।

जनवरी में इसकी कीमत 1,691.50 रुपये थी, जिसके बाद फरवरी, मार्च, अप्रैल और मई में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। जून में भी कीमतों में इजाफा होने से कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।