UKSSSC अनुदेशक भर्ती की द्वितीय श्रेष्ठता सूची जारी, 18 मई को होगी अभिलेख सन्निरीक्षा
देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय के अंतर्गत अनुदेशक (विभिन्न ट्रेड) के 370 पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया के तहत द्वितीय औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है।
आयोग ने यह सूची उन अभ्यर्थियों के लिए जारी की है, जिन्होंने ऑनलाइन माध्यम से एनसीआईसी प्रमाण-पत्र और अन्य प्रत्यावेदन प्रस्तुत किए थे।
आयोग की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 55/उ०अ०से०च०आ०/2024 के तहत इन पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 नवंबर 2024 से 14 दिसंबर 2024 तक विभिन्न पालियों में आयोजित की गई थी।
प्रथम औपबंधिक श्रेष्ठता सूची 29 अप्रैल 2026 को जारी हुई थी, जिसके बाद 5 से 7 मई 2026 तक अभिलेख सन्निरीक्षा कराई गई थी।
अब आयोग ने श्रेणी और उपश्रेणीवार न्यूनतम अर्हक अंकों के आधार पर ट्रेडवार द्वितीय औपबंधिक श्रेष्ठता सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की है। सूची में शामिल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की सन्निरीक्षा 18 मई 2026 को आयोग कार्यालय, थानों रोड रायपुर देहरादून में की जाएगी।
इन ट्रेडों के अभ्यर्थियों की होगी सन्निरीक्षा
द्वितीय श्रेष्ठता सूची में अनुदेशक इलेक्ट्रिकल, फिटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, वैल्डर, इम्प्लॉयबिलिटी स्किल, कला-गणित, आईसीटी सिस्टम मेंटेनेंस, स्टेनोग्राफर एवं सेक्रेटेरियल असिस्टेंट, टर्नर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशन टेक्नीशियन, ड्राफ्ट्समैन मैकेनिक, प्लम्बर, कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट, मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग और मैकेनिक ऑटो बॉडी रिपेयर समेत कई ट्रेड शामिल हैं।
अभ्यर्थियों के लिए आयोग की अहम हिदायतें
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सुबह 9 बजे अपने मूल दस्तावेजों, स्वप्रमाणित प्रतियों और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। अभिलेख सन्निरीक्षा से पूर्व बायोमेट्रिक सत्यापन भी कराया जाएगा।
आयोग ने ऑनलाइन वरीयता (Preference) भरना भी अनिवार्य किया है। अभ्यर्थियों को अपनी यूजर आईडी और जन्मतिथि के माध्यम से लॉगिन कर विकल्प भरने होंगे। एक बार विकल्प सबमिट होने के बाद उसमें संशोधन नहीं किया जा सकेगा।
अनुपस्थित रहने पर निरस्त होगा अभ्यर्थन
आयोग ने चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने या दावा किए गए दस्तावेज प्रस्तुत न करने की स्थिति में अभ्यर्थन स्वतः निरस्त माना जाएगा। आयोग परिसर में मोबाइल फोन, कैमरा और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।
अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और ट्रेडवार सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in पर देख सकते हैं।

