मंत्रीजी की ‘ग्रीन राइड’ पर नियमों का ब्रेक। एक्सपायर्ड इंश्योरेंस वाली स्कूटी से सफर पर घिरे गणेश जोशी
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन बचाने की अपील के बाद उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने भी अलग अंदाज में संदेश देने की कोशिश की।
मंत्री गणेश जोशी अपनी इनोवा कार छोड़ स्कूटी पर सवार होकर निकल पड़े। लेकिन यह प्रयोग कुछ ही देर में चर्चा और विवाद दोनों का कारण बन गया।
स्कूटी (UK07DX4978) पर सवार मंत्रीजी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं। माना जा रहा था कि मंत्री ने प्रधानमंत्री के “फ्यूल सेविंग” संदेश को जमीन पर उतारने की कोशिश की है। मगर इसी बीच बड़ा खुलासा हुआ कि जिस स्कूटी पर मंत्री सफर कर रहे थे, उसका इंश्योरेंस एक्सपायर हो चुका था।
जानकारी सामने आते ही सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि जब आम जनता को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सीख दी जाती है, तो जनप्रतिनिधियों से भी उसी जिम्मेदारी की उम्मीद की जाती है।
बिना वैध बीमा वाले वाहन से सफर करना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन माना जाता है, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से भी बड़ा जोखिम है।
मंत्री की स्कूटी को लेकर शुरू हुई यह चर्चा अब राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गई है। विपक्ष भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साध रहा है।
वहीं सोशल मीडिया पर लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि “पेट्रोल बचाने की जल्दबाजी में मंत्रीजी इंश्योरेंस ही भूल गए।”

