उत्तराखंड में फिर कांपी धरती, बागेश्वर में महसूस हुए दो भूकंप के झटके
बागेश्वर। उत्तराखंड में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रविवार सुबह बागेश्वर जनपद में आए दो हल्के भूकंप के झटकों से लोगों में डर का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी भी प्रकार के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार पहला झटका सुबह 10:32:33 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में 30.088 उत्तर अक्षांश और 79.902 पूर्व देशांतर पर स्थित था, जबकि इसकी गहराई 5 किलोमीटर दर्ज की गई।
इसके बाद दूसरा झटका सुबह 10:46:59 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.6 रही। इसका केंद्र 30.140 उत्तर अक्षांश और 79.905 पूर्व देशांतर पर रहा और इसकी गहराई भी 5 किलोमीटर आंकी गई।
विशेषज्ञों के अनुसार, कम तीव्रता के ये भूकंप सामान्य भूगर्भीय गतिविधियों का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन लगातार झटके महसूस होने से स्थानीय लोगों में भय का माहौल बन गया है।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट मोड पर है।

