रुड़की में दो बड़ी घटनाएं। स्पेयर पार्ट्स दुकान में भीषण आग, भगवानपुर में गौतस्करी का खुलासा

रुड़की में दो बड़ी घटनाएं। स्पेयर पार्ट्स दुकान में भीषण आग, भगवानपुर में गौतस्करी का खुलासा

रुड़की। रुड़की और भगवानपुर क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने हड़कंप मचा दिया। एक ओर जहां रुड़की में स्पेयर पार्ट्स की दुकान में भीषण आग लगने से लाखों का नुकसान हुआ। वहीं दूसरी ओर भगवानपुर में पुलिस ने गौतस्करी का बड़ा खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है।

पहली घटना में रुड़की के बीएसएम डिग्री कॉलेज के पास स्थित एक स्पेयर पार्ट्स की दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को दुकान का शटर और पीछे की दीवार तोड़नी पड़ी।

बताया जा रहा है कि दुकान में इंजन ऑयल समेत ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

वहीं दूसरी घटना में उत्तराखंड पुलिस ने भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव में छापेमारी कर गौतस्करी के मामले का खुलासा किया। यह कार्रवाई नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।

पुलिस टीम के पहुंचते ही मौके से छह आरोपी फरार हो गए, जबकि एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 350 किलो प्रतिबंधित मांस, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और एक जीवित गौवंश बरामद किया।

बरामद गौवंश को अमानवीय स्थिति में बांधा गया था, जिसके बाद पशु चिकित्सक को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई की गई।

मामले में शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

दोनों घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर आग की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं, तो दूसरी ओर अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई भी तेज होती दिखाई दे रही है।