हल्द्वानी में छात्रा की संदिग्ध आत्महत्या, हरिद्वार में सड़क हादसे में 7 घायल
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र के चांदमारी इलाके में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां 24 वर्षीय छात्रा दिव्या आर्या ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दिव्या MBPG College की फाइनल ईयर की छात्रा थी।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम दिव्या ने परिवार के साथ सामान्य रूप से भोजन किया और अपने कमरे में चली गई। इसके बाद उसने अपने एक करीबी युवक मित्र को मोबाइल का पिन कोड मैसेज किया। अचानक भेजे गए इस संदेश से युवक को अनहोनी की आशंका हुई।
चिंतित होकर युवक ने उसे लगातार कॉल किए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा। कमरे का दरवाजा खोलने पर दिव्या फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि दिव्या चार बहनों में सबसे बड़ी थी। एक वर्ष पूर्व पिता के निधन के बाद परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा था। मां मजदूरी कर बेटियों की परवरिश कर रही थी। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मृतका का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि आत्महत्या से पहले उसने अपने दोस्त को मोबाइल का पिन कोड क्यों भेजा।
फ्लाईओवर पर कार-ट्रक की टक्कर, 7 लोग घायल
प्रेमनगर आश्रम फ्लाईओवर पर दिल्ली से हरिद्वार आ रहे तीर्थयात्रियों की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 7 लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आगे चल रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। वहीं फ्लाईओवर पर खड़ा एक खराब टैंकर भी हादसे की बड़ी वजह बना, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और सीपीयू टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल मेला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक महिला को हायर सेंटर रेफर किया गया।
घायलों में नीलम, जयप्रकाश, किशोर, विनोद कुमार, सर्वेश देवी, सत्य प्रकाश और चालक राजबहादुर शामिल हैं। सभी यात्री दिल्ली के तुगलकाबाद क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं और कनखल में आयोजित भागवत कथा में शामिल होने जा रहे थे।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे का कारण अचानक ब्रेक लगना और फ्लाईओवर पर खड़ा खराब टैंकर माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।



