यूथ कांग्रेस चुनाव पर विवाद, पीएम दौरे से पहले कांग्रेस के तीखे सवाल
देहरादून। उत्तराखंड में भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संगठन के भीतर विवाद गहरा गया है। जहां विशाल भोसक को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सौरभ ममगाईं और अंशुल रावत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
हालांकि चुनाव परिणाम सामने आते ही अल्मोड़ा से जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शुभांशु रौतेला ने पूरी प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बड़े पैमाने पर धांधली, फर्जी वोटिंग और वोटर आईडी से छेड़छाड़ का दावा किया है।
फर्जी वोटिंग और आईडी छेड़छाड़ के आरोप
शुभांशु रौतेला के अनुसार, कई मामलों में वोटर आईडी के एपिक नंबर असली थे, लेकिन फोटो और उम्र में हेरफेर कर फर्जी तरीके से वोट डलवाए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं के डेटा को एडिट कर उन्हें युवा दिखाकर मतदान कराया गया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ लोग गांवों और संस्थानों में जाकर पहले से तैयार आईडी कार्ड के जरिए लोगों से केवल ओटीपी लेकर वोटिंग प्रक्रिया पूरी कर रहे थे। मामले की शिकायत उन्होंने अल्मोड़ा के एसएसपी को लिखित रूप में दी है।
संगठन पर उठे सवाल, जांच की मांग
इस पूरे घटनाक्रम के बाद संगठन के भीतर निष्पक्ष चुनाव कराने के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है, लेकिन यदि कोई तथ्य सामने आते हैं तो पार्टी स्तर पर उचित मंच पर उठाया जाना चाहिए।
पीएम मोदी के दौरे से पहले कांग्रेस के 10 सवाल
इसी बीच, 14 अप्रैल को नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे से पहले कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कई सवाल उठाए हैं। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे का स्वागत है, लेकिन चुनावी वर्ष में जनता के मुद्दों पर जवाब भी जरूरी है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड पर सवाल
गोदियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में शामिल कथित वीआईपी का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में सीबीआई जांच की बात कही गई, लेकिन प्रगति स्पष्ट नहीं है।
युवाओं, रोजगार और पेपर लीक पर घेरा
उन्होंने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी, भर्ती घोटालों और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरा। साथ ही यह सवाल भी उठाया कि “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” राज्य के काम क्यों नहीं आ रही।
मानव-वन्यजीव संघर्ष और कानून व्यवस्था
ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष पर चिंता जताते हुए उन्होंने सरकार से ठोस कदमों की जानकारी मांगी। साथ ही महिला अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
शिक्षा और शराब नीति पर भी सवाल
गोदियाल ने दावा किया कि राज्य में 800 से अधिक स्कूल बंद हो चुके हैं, जबकि शराब की नई दुकानें खोली जा रही हैं। उन्होंने इसे सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल बताया।
अन्य मुद्दों पर भी उठाए सवाल
इसके अलावा उपनल कर्मियों के नियमितीकरण, पूर्व सैनिकों की सुरक्षा, घरेलू गैस की कीमतों और कालाबाजारी जैसे मुद्दों पर भी कांग्रेस ने जवाब मांगा है।
राजनीतिक माहौल गरम
एक ओर जहां युवा कांग्रेस चुनाव को लेकर विवाद गहराता दिख रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री के दौरे से पहले विपक्ष के सवालों ने प्रदेश की सियासत को और गर्म कर दिया है। अब देखना होगा कि इन आरोपों और सवालों पर सत्ता पक्ष की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।


