क्राइम रिपोर्ट: देवभूमि में अपराध और हादसों का ‘ब्लैक संडे’, जासूसी से हत्या तक कई बड़ी घटनाएं। पढ़ें….

देवभूमि में अपराध और हादसों का ‘ब्लैक संडे’, जासूसी से हत्या तक कई बड़ी घटनाएं। पढ़ें….

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र से उत्तराखंड एसटीएफ और पुलिस ने विक्रांत कश्यप नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से पाकिस्तानी हैंडलर और आतंकी संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है।

आरोपी पर देश की गोपनीय सूचनाएं साझा करने और संवेदनशील लोकेशन की जानकारी विदेश भेजने का आरोप है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ राजद्रोह और Official Secrets Act 1923 के तहत मामला दर्ज किया है। केंद्रीय एजेंसियां भी उससे पूछताछ कर रही हैं और उसके नेटवर्क, फंडिंग व संपर्कों की जांच जारी है।

‘ऑपरेशन प्रहार’ में 12 ढोंगी बाबा गिरफ्तार

हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 फर्जी बाबा और तांत्रिकों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी दरगाह क्षेत्र में आने वाले जायरीनों को झांसा देकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के नाम पर ठगी कर रहे थे।

अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ और ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत चलाया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।  पकड़े गए आरोपी उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान के निवासी हैं।

गंगा में बढ़ा जलस्तर, टापू पर फंसे 21 लोगों को बचाया

हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित कबीर कुटीर घाट पर अचानक गंगा का जलस्तर बढ़ने से 21 लोग बीच धारा में बने टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू किए गए लोगों में 10 पुरुष, 7 महिलाएं और 4 बच्चे शामिल हैं। सभी दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी के बीच या गहरे स्थानों पर जाने से बचें।

मंदिर में पुजारी की हत्या से सनसनी

लक्सर क्षेत्र के भोगपुर गांव में एक मंदिर के अंदर पुजारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजवीर (निवासी मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई है।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं।

150 मीटर खाई में गिरी यूटिलिटी, चालक की मौत

टिहरी गढ़वाल के घनसाली-घुत्तू मोटर मार्ग पर एक यूटिलिटी वाहन 150 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में चालक और एक घोड़े की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

पुलिस, SDRF और स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर शव और घायलों को बाहर निकाला। लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।

सड़क हादसों पर नहीं लग पा रही लगाम

प्रदेश में लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए परिवहन विभाग एएनपीआर कैमरों के जरिए ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई कर रहा है। इसके बावजूद दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।