सावधान: PM मोदी के देहरादून आगमन पर 14 अप्रैल को ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्ग रहेंगे बंद। देखें….

PM मोदी के देहरादून आगमन पर 14 अप्रैल को ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्ग रहेंगे बंद। देखें….

देहरादून। जनपद देहरादून में 14 अप्रैल को प्रस्तावित वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रम के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है।

नरेन्द्र मोदी के दौरे और दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण कार्यक्रम को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि कुछ प्रमुख मार्गों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

इन रूट्स से गुजरेंगे बाहरी वाहन

प्रशासन द्वारा जारी प्लान के अनुसार, देहरादून शहर से सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को शिमला बाईपास तिराहा से नयागांव रोड, धर्मावाला चौक और बेहट के रास्ते भेजा जाएगा। वहीं, रिस्पना पुल से जोगीवाला, लालतप्पड़, रायवाला होते हुए हरिद्वार मार्ग का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

छुटमलपुर और बिहारीगढ़ की ओर जाने वाले वाहन शिमला बाईपास से नयागांव रोड, धर्मावाला चौक और शाकुंभरी देवी मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

शहर में प्रवेश के लिए तय वैकल्पिक मार्ग

दिल्ली, सहारनपुर, रुड़की और छुटमलपुर से देहरादून व मसूरी आने वाले वाहनों को छुटमलपुर–बेहट–धर्मावाला चौक–प्रेमनगर–ठाकुरपुर हाईवे–बल्लूपुर चौक मार्ग से शहर में प्रवेश दिया जाएगा।

भगवानपुर रूट रहेगा पूरी तरह बंद

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 14 अप्रैल को रुड़की से भगवानपुर होते हुए देहरादून आने-जाने वाला मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यात्रियों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

13 जोन में बांटा गया पूरा रूट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

प्रधानमंत्री के भ्रमण को लेकर प्रशासन ने पूरे रूट को 13 जोन में विभाजित किया है, जहां जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां आमजन के बैठने, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

लोक संस्कृति की दिखेगी झलक

प्रधानमंत्री के स्वागत में पूरे मार्ग पर स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा लोक वाद्य यंत्रों और पारंपरिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार, इस दौरान हजारों की संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना है।

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यातायात डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, ताकि कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे।