ग्लेशियर टूटने से केदारनाथ पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त, ऋषिकेश के बजरंग सेतु पर आवाजाही पर रोक
- लिनचोली के पास ग्लेशियर टूटने से 100 मीटर रास्ता तबाह
रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच केदारनाथ पैदल मार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। लिनचोली के पास थारू ग्लेशियर टूटने से भारी मात्रा में बर्फ और मलबा मार्ग पर आ गया, जिससे करीब 100 मीटर पैदल रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन और District Disaster Management Authority (डीडीएमए) की टीम मौके पर पहुंच गई।
मार्ग क्षतिग्रस्त होने से केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य प्रभावित हुए हैं। साथ ही घोड़े-खच्चरों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है, जिससे निर्माण सामग्री और आवश्यक सामान की आपूर्ति फिलहाल ठप हो गई है।
डीडीएमए के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र सिंह ने बताया कि बर्फ और मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही मार्ग बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
ऋषिकेश में बजरंग सेतु के कांच पैनल में दरार, सुरक्षा के चलते आवाजाही बंद
लक्ष्मण झूला के पास बने नए बजरंग सेतु के कांच पैदल मार्ग में दरार आने के बाद एहतियात के तौर पर उस हिस्से पर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। गौरतलब है कि इस पुल का अभी औपचारिक उद्घाटन भी नहीं हुआ है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 69 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस 132 मीटर लंबे पुल में मुख्य लेन डामर की बनाई गई है, जबकि दोनों ओर कांच के पैदल मार्ग तैयार किए गए हैं, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र हैं।
शुक्रवार को कांच के एक पैनल में दूसरी बार दरार देखे जाने के बाद विभाग ने तुरंत उस हिस्से को बंद कर दिया। प्रशासन के अनुसार कांच की स्थिति की तकनीकी जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गुणवत्ता और सुरक्षा पर उठे सवाल
बजरंग सेतु को आधुनिक डिजाइन के साथ तैयार किया गया है ताकि पर्यटक गंगा और आसपास के प्राकृतिक दृश्यों का आनंद ले सकें। हालांकि उद्घाटन से पहले ही दरार सामने आने से निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दोनों घटनाओं ने चारधाम यात्रा की तैयारियों और राज्य की पर्यटन व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं, जिससे प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।



