एक्शन मोड में पुलिस-प्रशासन। हत्या, दुष्कर्म, लापता और अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई
देहरादून। उत्तराखंड के अलग-अलग जिलों से अपराध, जांच और प्रशासनिक कार्रवाई से जुड़ी कई बड़ी खबरें सामने आई हैं, जिनसे कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हलचल तेज हो गई है।
सबसे पहले बात राजधानी देहरादून की, जहां छात्र दिव्यांशु जटराना हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रहलाद राज और अंकुर सिंह को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इस मामले में पहले ही चार आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि पांच अभी भी फरार हैं। यह घटना 23 मार्च को प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प के दौरान हुई थी, जिसमें दिव्यांशु की जान चली गई थी।
वहीं पौड़ी जिले के कोटद्वार में नाबालिग से जुड़े दुष्कर्म मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने दो होटल संचालकों शुभम रावत और सोनू को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि आरोपियों को बिना पहचान पत्र और बिना रजिस्टर में एंट्री के होटल में कमरा दिया गया था। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही के साथ-साथ अपराध में सहयोग मानते हुए पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
इधर नैनीताल जिले के हल्द्वानी क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। छात्रा स्कूल से घर लौटते समय अचानक गायब हो गई। तलाशी के दौरान खेत की झाड़ियों में उसके कपड़े मिलने से अनहोनी की आशंका गहरा गई है। पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम लगातार जांच में जुटी हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।
नैनीताल के ही किलबरी क्षेत्र में लापता उपनल कर्मी दयाल सिंह का शव संदिग्ध हालत में गधेरे से बरामद हुआ है। वह 5 अप्रैल से लापता थे और वन विश्राम गृह में चौकीदार के पद पर तैनात थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
उधर चमोली जिले के थराली में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसडीएम पंकज भट्ट ने निरीक्षण के दौरान एक जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया।
जांच में सामने आया कि सड़क निर्माण के नाम पर वन भूमि से अवैध खनन किया जा रहा था और वाहन बिना नंबर प्लेट के चल रहे थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



