ऋषिकेश में पुलिस पर फायरिंग, हरियाणा का युवक गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चल रही सघन चेकिंग के दौरान ऋषिकेश में देर रात बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हरियाणा से आए एक युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
चेकिंग देख घबराया, भागते हुए जंगल में छिपा
मंगलवार (7 अप्रैल) देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में जंगलात बैरियर के पास पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रानीपोखरी की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पीछा करने पर काली मंदिर के पास उसकी कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। इसके बाद आरोपी कार छोड़कर पास के जंगल में छिप गया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने जब आरोपी को आत्मसमर्पण के लिए कहा, तो उसने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान (22) निवासी नूंह (मेवात) के रूप में हुई है।
तलाशी में उसके पास से
- 315 बोर का तमंचा
- एक जिंदा कारतूस
- एक खोखा कारतूस
- फर्जी नंबर प्लेट लगी स्विफ्ट डिजायर कार
बरामद की गई। - पुलिस ने वाहन की असली नंबर प्लेट भी कब्जे में ले ली है।
पूछताछ में खुलासा: अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह से जुड़ाव
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह एक अंतरराज्यीय वाहन चोरी गिरोह से जुड़ा है। करीब एक महीने पहले ऋषिकेश से एक डंपर चोरी कर मेवात ले गया था। मंगलवार रात दोबारा क्षेत्र में चोरी की रेकी करने आया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रहा था।
मुकदमा दर्ज, साथी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला (धारा 109/340 BNS), अवैध हथियार (3/25 आर्म्स एक्ट) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
देहरादून पुलिस अब फरार साथी की तलाश में जुटी है और चोरी किए गए डंपर की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
एसपी देहात जया बलूनी के अनुसार, पूरे नेटवर्क और फायरिंग की वजह की गहन जांच की जा रही है।



