बिग ब्रेकिंग: इन्दिरेश अस्पताल को 100 करोड़ बकाया जल्द, मंत्री खजान दास का भरोसा

इन्दिरेश अस्पताल को 100 करोड़ बकाया जल्द, मंत्री खजान दास का भरोसा

देहरादून। समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने कहा है कि राज्य सरकार जल्द ही श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत 100 करोड़ रुपये से अधिक की बकाया राशि का भुगतान करेगी।

उन्होंने कहा कि जहां कई अस्पतालों ने आयुष्मान, गोल्डन कार्ड और ईएसआई जैसी योजनाओं में सेवाएं सीमित कर दी हैं, वहीं इन्दिरेश अस्पताल ने लगातार मरीजों को उपचार देकर सरकार का सहयोग किया है। इसी को देखते हुए सरकार भी संस्थान को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है।

बुधवार को श्री दरबार साहिब पहुंचे मंत्री खजान दास ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुलाकात के दौरान प्रदेश के समसामयिक मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें विशेष रूप से जनस्वास्थ्य सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कल्याण से जुड़े विषय शामिल रहे।

मंत्री ने श्री दरबार साहिब द्वारा राजपुर स्थित माँ अम्बिका देवी मंदिर के भव्य जीर्णोद्धार कार्य की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस अवसर पर खजान दास ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है।

उन्होंने बताया कि वृद्धजन, दिव्यांगजन, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रही योजनाएं लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।