ऑपरेशन ‘प्रहार’ का असर। दून में सघन चेकिंग, राज्यभर में अलर्ट। रुद्रपुर में इनामी शूटर गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने व्यापक स्तर पर सख्ती तेज कर दी है। एक ओर राजधानी देहरादून में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर उच्च स्तर पर समीक्षा बैठकों के जरिए जिलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसी कड़ी में उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एसटीएफ को बड़ी सफलता मिली है, जहां चर्चित पार्षद हत्याकांड के इनामी शूटर को गिरफ्तार किया गया है।
देहरादून में एसएसपी के नेतृत्व में चल रहे अभियान के तहत पूरे जनपद में पुलिस टीमें सक्रिय हैं और प्रमुख स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। एटीएस के साथ मिलकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच की जा रही है।
देर रात सड़कों पर घूमने वालों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है, जबकि संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें थाने लाकर विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का यह अभियान शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार जारी है।
इसी बीच, कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक की। बैठक में किरायेदारों और घरेलू नौकरों के अनिवार्य सत्यापन को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए।
महिला सुरक्षा को लेकर ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया, साथ ही गुमशुदा महिलाओं और बच्चों की तलाश में संवेदनशीलता बरतने और ‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत बरामदगी में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस सत्यापन अभियान को निरंतर प्रक्रिया के रूप में चलाने पर विशेष बल दिया गया।
वहीं, उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में शामिल ₹25 हजार के इनामी शूटर को गिरफ्तार किया है।
आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित, जो मध्य प्रदेश का निवासी है, लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2020 में दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज हत्या में आरोपी ने सुपारी लेकर वारदात को अंजाम दिया था।
तकनीकी सर्विलांस और लगातार निगरानी के बाद पुलिस ने ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
राज्यभर में चल रहे इन अभियानों से साफ है कि उत्तराखंड पुलिस अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त रुख अपनाए हुए है।



