बड़ी खबर: रुद्रप्रयाग में टनल हादसा, अचानक धंसाव से मची अफरा-तफरी

रुद्रप्रयाग में टनल हादसा, अचानक धंसाव से मची अफरा-तफरी

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में निर्माणाधीन कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के तहत एक टनल में अचानक मिट्टी धंसने से देर रात अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी जवाड़ी से करीब 1.5 किलोमीटर दूर स्थित इमरजेंसी टनल 7बी पैकेज में सोमवार रात लगभग 11:30 बजे निर्माण कार्य के दौरान टनल के अंदर अचानक मिट्टी का धंसाव हो गया। घटना के समय टनल में कार्य कर रहे श्रमिकों और कर्मचारियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और हालात पर तुरंत नियंत्रण कर लिया गया।

वहीं, निर्माण कार्य कर रही कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी महेश भट्ट के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

सभी श्रमिक सुरक्षित हैं और तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण के बाद तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल टनल में निर्माण कार्य सामान्य रूप से जारी है।

प्रशासन और कंपनी की ओर से आमजन से अपील की गई है कि इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।

सिलक्यारा हादसे की यादें ताजा

गौरतलब है कि 12 नवंबर 2023 को उत्तरकाशी जिले में सिलक्यारा टनल में निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हुआ था, जब टनल का एक हिस्सा ढह गया था और 41 मजदूर अंदर फंस गए थे।

इस घटना के बाद लंबे समय तक रेस्क्यू अभियान चला, जिसमें भारतीय एजेंसियों के साथ अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की भी मदद ली गई। आखिरकार 17 दिन के कठिन ऑपरेशन के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।

रुद्रप्रयाग की ताजा घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में चल रहे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।