बिग ब्रेकिंग: PCS और ज्यूडिशियल परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, इस तारीख से करें डाउनलोड

PCS और ज्यूडिशियल परीक्षा के एडमिट कार्ड जारी, इस तारीख से करें डाउनलोड

UKPSC Latest Update 2026: उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 और उत्तराखण्ड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा-2023 को लेकर महत्वपूर्ण कार्यक्रम और दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

PCS मुख्य परीक्षा 27 से 30 अप्रैल तक

आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, उत्तराखण्ड सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (मुख्य) परीक्षा-2025 का आयोजन 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा। परीक्षा हरिद्वार और हल्द्वानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी।

यह परीक्षा दो सत्रों प्रातः 9:00 बजे से 12:00 बजे तक और अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक में संपन्न होगी। परीक्षा में सामान्य हिन्दी, निबंध और सामान्य अध्ययन के विभिन्न पेपर (GS-I से GS-VI) शामिल होंगे, जिनमें उत्तराखण्ड राज्य से संबंधित विषयों को भी विशेष स्थान दिया गया है।

अभ्यर्थी 11 अप्रैल 2026 से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश पत्र डाक से नहीं भेजे जाएंगे और परीक्षा केंद्र परिवर्तन के किसी भी अनुरोध पर विचार नहीं किया जाएगा।

न्यायिक सेवा मुख्य परीक्षा 21 से 24 अप्रैल तक

वहीं, उत्तराखण्ड न्यायिक सेवा सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) मुख्य परीक्षा-2023 का आयोजन 21 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक हरिद्वार स्थित आयोग के परीक्षा भवन में किया जाएगा।

इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थी 6 अप्रैल 2026 से ही एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रवेश पत्र में अंकित सभी दिशानिर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान

PCS मुख्य परीक्षा के लिए दिव्यांग अभ्यर्थियों को श्रुतलेखक (scribe) की सुविधा स्वयं करनी होगी। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज 16 अप्रैल 2026 तक आयोग कार्यालय, हरिद्वार में जमा करना अनिवार्य है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। साथ ही, ऐसे अभ्यर्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा।

आयोग की सख्त हिदायत

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही जानकारी प्राप्त करें और एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन करें।

यह दोनों परीक्षाएं राज्य के हजारों अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं, जिनके माध्यम से प्रशासनिक और न्यायिक सेवाओं में चयन का मार्ग प्रशस्त होता है।