एक्सक्लूसिव: रुड़की में गंदगी के बीच बन रही थी चना चाट, खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में खुलासा

रुड़की में गंदगी के बीच बन रही थी चना चाट, खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में खुलासा

रिपोर्ट- सलमान मलिक
रुड़की। रुड़की में बस यात्रियों की सेहत के साथ खिलवाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। रुड़की रोडवेज बस अड्डे के पीछे संचालित एक अवैध चाट किचन में गंदगी के बीच खाद्य सामग्री तैयार की जा रही थी। शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी कर इस पूरे मामले का खुलासा किया।

जांच के दौरान टीम ने पाया कि चना और चना चाट एक गंदी नाली के ठीक पास तैयार की जा रही थी। खाने की सामग्री खुले में रखी हुई थी, जिस पर मक्खियां भिनक रही थीं।

कटे हुए टमाटर और अन्य खाद्य पदार्थ बिना ढके रखे गए थे, जिससे साफ-सफाई के नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही थी। यही खाना रोजाना यात्रियों को परोसा जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी योगेंद्र पांडे ने बताया कि इस मामले की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद हरिद्वार से टीम तत्काल रुड़की पहुंची और कार्रवाई की गई।

उन्होंने कहा कि मौके पर गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं और किचन संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे बाहर भोजन करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अस्वच्छ वातावरण में तैयार भोजन से स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में ऐसे अवैध और अस्वच्छ खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि आम जनता को सुरक्षित और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जा सके।