कुंभ मेला तैयारियों के बीच 4 IPS अधिकारियों के तबादले, नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं
देहरादून। उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के चार वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक इन अधिकारियों को जनहित और रिक्त पदों के आधार पर तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।
जारी सूची के अनुसार, योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (कार्मिक) पद से हटाकर अब पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला नियुक्त किया गया है।
वहीं, आयुष अग्रवाल, जो अभी तक टिहरी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के पद पर तैनात थे, उन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, कुंभ मेला की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा, श्वेता चौबे को सेनानायक, आईआरबी द्वितीय से स्थानांतरित कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, टिहरी बनाया गया है। वहीं, विशाखा अशोक भदाणे को पुलिस अधीक्षक (क्राइम अगेंस्ट वूमेन / CCTNS / प्रशिक्षण) पद से हटाकर सेनानायक, आईआरबी द्वितीय नियुक्त किया गया है।
शासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल अपने-अपने नए पदों पर कार्यभार ग्रहण करें और कार्यभार ग्रहण प्रमाण पत्र पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
इन तबादलों को आगामी कुंभ मेला की तैयारियों और पुलिस प्रशासन में रणनीतिक फेरबदल के तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




