UKSSSC की कई परीक्षाओं में DV शेड्यूल जारी, 3 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त, अंतिम मेरिट सूची भी जारी
UKSSSC Latest Update 2026: उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न भर्तियों को लेकर बड़ा संयुक्त अपडेट जारी किया है। आयोग ने कृषि विभाग की भर्ती में अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए हैं।
वहीं लेखाकार/DEO सहित कई पदों के लिए अंतिम मेरिट सूची जारी करने के साथ-साथ अन्य भर्तियों के लिए दस्तावेज सत्यापन (DV) का कार्यक्रम भी घोषित किया है।
कृषि विभाग के अंतर्गत सहायक कृषि अधिकारी (रसायन शाखा) और प्राविधिक सहायक (अभियंत्रण शाखा) के 10 पदों के लिए 21 दिसंबर 2025 को आयोजित लिखित परीक्षा के बाद 17 अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया गया था।
24 मार्च 2026 को हुए सत्यापन में 1 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा, जबकि 2 अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता विज्ञापन के अनुरूप नहीं पाई गई।
आयोग के अनुसार इन अभ्यर्थियों ने केवल रसायन विज्ञान में स्नातकोत्तर डिग्री प्रस्तुत की, जबकि निर्धारित योग्यता कृषि रसायन, मृदा विज्ञान या भूमि संरक्षण में होनी अनिवार्य थी। इस आधार पर तीनों अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।
वहीं, विज्ञापन संख्या 69/2025 के तहत सहायक लेखाकार, रिकॉर्ड कीपर, कार्यालय सहायक (लेखा), कैशियर और डाटा एंट्री ऑपरेटर पदों की भर्ती प्रक्रिया में अंतिम चरण पूरा कर लिया गया है।
लिखित परीक्षा, उत्तर कुंजी आपत्तियों के निस्तारण, टंकण परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के बाद 63 पदों के सापेक्ष अंतिम औपबंधिक श्रेष्ठता सूची जारी कर दी गई है, जिसे संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है।
इसके अलावा, सहायक अध्यापक एलटी (विशेष शिक्षा शिक्षक) भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन का कार्यक्रम घोषित किया गया है। यह प्रक्रिया 7 अप्रैल से 9 अप्रैल 2026 तक क्रमवार आयोजित की जाएगी।
इसी तरह सहकारी निरीक्षक वर्ग-02 और सहायक विकास अधिकारी (सहकारी) पदों के लिए भी 6 अप्रैल 2026 को दस्तावेज सत्यापन निर्धारित किया गया है।
आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर मूल प्रमाण पत्र, स्वप्रमाणित प्रतियां और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा।
निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने या अभिलेख अधूरे/असंगत पाए जाने पर अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा। आयोग परिसर में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना भी प्रतिबंधित रहेगा।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जारी औपबंधिक श्रेष्ठता सूची अंतिम चयन परिणाम नहीं है। अंतिम परिणाम दस्तावेज सत्यापन के बाद ही मेरिट के आधार पर घोषित किया जाएगा।




