बिग ब्रेकिंग: मसूरी–ऋषिकेश के लिए वीकेंड का नया रूट प्लान लागू, दबाव बढ़ने पर डायवर्जन व्यवस्था

मसूरी–ऋषिकेश के लिए वीकेंड का नया रूट प्लान लागू, दबाव बढ़ने पर डायवर्जन व्यवस्था

देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस ने वीकेंड (03 अप्रैल से 05 अप्रैल 2026) के दौरान बढ़ती पर्यटक भीड़ को देखते हुए मसूरी और ऋषिकेश के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इस दौरान शहर और पहाड़ी मार्गों पर दबाव बढ़ने की स्थिति में अलग-अलग रूट डायवर्जन लागू किए जाएंगे।

पुलिस के अनुसार, दिल्ली, रुड़की और सहारनपुर से मसूरी आने वाले पर्यटकों को मोहण्ड, आशारोड़ी, बल्लुपुर, गढ़ीकैंट और कुठालगेट होते हुए भेजा जाएगा।

वहीं हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाले वाहनों के लिए जोगीवाला, रिंग रोड, आईटी पार्क और राजपुर रोड से होकर मसूरी पहुंचने का रूट तय किया गया है। शहर में ट्रैफिक दबाव बढ़ने पर नेपाली फार्म, एयरपोर्ट और थानो रोड होते हुए वैकल्पिक मार्ग लागू किया जाएगा।

मसूरी शहर के अंदर भी ट्रैफिक को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। पार्किंग की 70 प्रतिशत क्षमता भरने पर वाहनों को किंग क्रेग पार्किंग में रोका जाएगा और पर्यटकों को लोकल टैक्सी के माध्यम से आगे भेजा जाएगा।

देहरादून शहर में पेसिफिक मॉल, सेंट्रियो मॉल, सहस्त्रधारा और गुच्चुपानी जैसे प्रमुख स्थानों पर भीड़ बढ़ने की स्थिति में डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। यातायात पुलिस जरूरत के अनुसार वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट करेगी।

ऋषिकेश के लिए भी अलग ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। सामान्य स्थिति में वाहनों को निर्धारित मार्गों से जाने दिया जाएगा, जबकि दबाव बढ़ने पर रायवाला, भानियावाला, रानीपोखरी और नटराज चौक होते हुए वाहनों को तपोवन और शिवपुरी की ओर भेजा जाएगा। अत्यधिक भीड़ की स्थिति में नरेन्द्रनगर मार्ग से अतिरिक्त डायवर्जन लागू किया जाएगा।

वापसी के दौरान हरिद्वार जाने वाले वाहनों को शिवपुरी, गरुड़चट्टी, पशुलोक बैराज और चीला मार्ग से भेजा जाएगा, जबकि देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहन तपोवन, भद्रकाली और नटराज चौक से होकर गुजरेंगे।

यातायात पुलिस ने कुठालगेट पर पर्यटकों की सुविधा के लिए हेल्प सेंटर भी स्थापित किया है। पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट का पालन करें और ट्रैफिक नियमों का अनुपालन करें, ताकि वीकेंड के दौरान जाम की स्थिति से बचा जा सके।