शर्मनाक: नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

नाबालिग से दुष्कर्म का प्रयास, मां की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

रिपोर्ट- मयंक पंत

बनबसा। बनबसा क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के प्रयास के आरोप के मामले में स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया है और लोग पुलिस से कठोर कार्यवाही की मांग कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 5 नई बस्ती निवासी एक महिला ने (गुरुवार 2 अप्रैल) को थानाध्यक्ष बनबसा को दी तहरीर में बताया कि 1 अप्रैल 2026 को उनकी 11 वर्षीय पुत्री के साथ एक व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म का प्रयास किया गया। बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

तहरीर के अनुसार, आरोपी ने बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने पास बुलाने का प्रयास किया और मना करने पर उसे जबरन एक दुकान में ले जाकर शटर बंद कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर बच्ची को बचाया।

पीड़िता पक्ष का आरोप है कि बुधवार (1 अप्रैल) को जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों द्वारा तहरीर दर्ज करने के बजाय उन्हें समझाकर वापस भेज दिया गया।

इसी को लेकर बजरंग दल के जिला संयोजक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एफआईआर दर्ज होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस की दो महिला कर्मियों द्वारा पीड़िता पक्ष को कार्रवाई के बजाय समझाकर घर भेज दिया गया, जिससे लोगों में असंतोष है। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी व्यक्ति घटना के बाद क्षेत्र छोड़कर फरार हो गया है।

इस घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता तथा स्थानीय लोग थाने पहुंचे और जमकर विरोध जताया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि आरोपी जिस स्थान पर रह रहा था, उसका पुलिस सत्यापन नहीं किया गया था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं, मामले में बनबसा थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि नाबालिग की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।