बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में 6 दिन बदलेगा मौसम का मिजाज। पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, 4 अप्रैल से मैदानी इलाकों में भी असर

उत्तराखंड में 6 दिन बदलेगा मौसम का मिजाज। पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, 4 अप्रैल से मैदानी इलाकों में भी असर

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून स्थित केंद्र ने 1 से 6 अप्रैल तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अनुसार पूरे उत्तराखंड में अगले छह दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।

शुरुआत में जहां केवल पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी होगी, वहीं 4 अप्रैल से मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश का असर दिखाई देगा।

आज पहाड़ों में हल्की बारिश और बर्फबारी

1 अप्रैल को राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश का अनुमान है। साथ ही 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस दौरान मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

2 अप्रैल: सीमित जिलों में बारिश
गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में हल्की बारिश और बादलों की गर्जना हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी जारी रहने के आसार हैं, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहेगा।

3 अप्रैल: पूरे पहाड़ में बारिश
शुक्रवार को सभी पर्वतीय जिलों में बारिश का दायरा बढ़ेगा। कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि अन्य में हल्की बारिश की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में अब भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

4 से 6 अप्रैल: पूरे राज्य में बारिश
शनिवार से मौसम का प्रभाव पूरे राज्य में देखने को मिलेगा।

  • पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें
  • 3500 मीटर से ऊपर बर्फबारी
  • मैदानी जिलों में भी हल्की बारिश

5 और 6 अप्रैल को भी यही पैटर्न बना रहेगा, जिससे पूरे उत्तराखंड में मौसम ठंडा और नम बना रहेगा।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह करवट लेने वाला है। खासतौर पर पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी जहां ठंड बढ़ाएगी, वहीं 4 अप्रैल के बाद मैदानी क्षेत्रों में भी मौसम सुहावना होने के साथ हल्की ठंड का एहसास होगा।