रुद्रपुर में गैस सिलेंडर विस्फोट से परिवार झुलसा, बिहार के नालंदा में मंदिर भगदड़ में 8 की मौत
रुद्रपुर। गैस रिसाव से धमाका, महिला और बच्चा गंभीर
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित कृष्णा कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां गैस रिसाव के चलते हुए विस्फोट में एक ही परिवार के चार लोग झुलस गए।
इनमें महिला और 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, किराए के मकान में रहने वाले लोकेश कुमार (32), उनकी पत्नी गोमती देवी (30) और बेटा नीरज घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि कमरे में गैस रिसाव हो रहा था। जैसे ही माचिस जलाई गई, तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी और पूरा कमरा चपेट में आ गया।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग फैल चुकी थी। इसी दौरान मकान में रहने वाली मीरा देवी भी आग की चपेट में आकर झुलस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की दीवार तक क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस, डायल 112 टीम और अग्निशमन विभाग मौके पर पहुंचा। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने गोमती देवी और उनके बेटे की हालत गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। लोकेश कुमार भी करीब 50 प्रतिशत झुलसे हैं, जबकि मीरा देवी को आंशिक चोटें आई हैं।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, शुरुआती जांच में गैस रिसाव को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
नालंदा: शीतला मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में स्थित शीतला मंदिर में मंगलवार को पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। मृतकों में अधिकांश महिलाएं बताई जा रही हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चैत्र माह के अंतिम मंगलवार और विशेष पूजा के चलते मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान बैरिकेडिंग टूट गई और अफरातफरी मच गई, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ गंभीर घायलों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भीड़ नियंत्रण की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी, जिससे हालात बिगड़ गए। कुछ लोगों ने पुलिस की मौजूदगी और व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं।
सरकार का एक्शन और मुआवज़ा
नीतीश कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। सरकार की ओर से आपदा प्रबंधन विभाग से 4-4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी घटना पर दुख जताते हुए घायलों के समुचित इलाज और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
सावधानी ही बचाव: प्रशासन की अपील
अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतें। गैस की गंध आने पर तुरंत बिजली के स्विच बंद करें और किसी भी प्रकार की चिंगारी से बचें।
वहीं, बड़े धार्मिक आयोजनों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।




