लक्ष्मणझूला–नीलकंठ मार्ग पर खतरनाक स्टंट। युवक ने गंगा में लगाई छलांग, वीडियो वायरल
ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला–नीलकंठ मार्ग स्थित गरूड़ चट्टी पुल से एक युवक द्वारा गंगा नदी में छलांग लगाने का खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में युवक ऊंचाई से बिना किसी सुरक्षा के सीधे नदी में कूदता नजर आ रहा है, जिससे गंभीर हादसे की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि यह युवक पर्यटक है, जिसने स्टंट के रूप में यह जोखिम भरा कदम उठाया। हालांकि, इस तरह की हरकतें जानलेवा साबित हो सकती हैं, क्योंकि गंगा के इस हिस्से में तेज धारा और गहराई काफी अधिक है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि घटनास्थल के पास ही पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद ऐसे खतरनाक स्टंट पर रोक नहीं लग पाई। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जाए।
फिलहाल, यह वीडियो प्रशासन के लिए चेतावनी साबित हो रहा है कि पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाए।




