बिग ब्रेकिंग: देहरादून फायरिंग केस पर CM धामी सख्त, दो अधिकारी सस्पेंड। नाइट क्लबों पर चला पुलिस का डंडा

देहरादून फायरिंग केस पर CM धामी सख्त, दो अधिकारी सस्पेंड। नाइट क्लबों पर चला पुलिस का डंडा

देहरादून। देहरादून में हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में लापरवाही सामने आने पर डिप्टी एक्साइज इंस्पेक्टर शोबन सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है, वहीं राजपुर थाना क्षेत्र की कुठाल चौकी इंचार्ज अशोक कुमार को भी निलंबित किया गया है।

बताया जा रहा है कि यह घटना नाइट क्लब में शराब पीने के बाद दो गुटों के बीच हुए विवाद से जुड़ी है, जिसमें एक रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई थी। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

नाइट क्लब और बार पर कड़ा एक्शन

घटना के बाद देहरादून पुलिस ने सख्त अभियान चलाते हुए देर रात तक खुले बार और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

  • निर्धारित समय के बाद खुले 2 बार संचालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
  • पिरामिड बार और नुक्कड़ बार एंड रेस्टोरेंट पर कार्रवाई (धारा 223/270 BNS)
  • शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 लोग गिरफ्तार, वाहन सीज
  • देर रात शराब पीते मिले 3 संदिग्ध हिरासत में (धारा 172 BNSS)

सघन चेकिंग अभियान जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी, एसपी ट्रैफिक, एसपी ऋषिकेश और एसपी विकासनगर के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों और राजपुर क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।

इस दौरान सभी पब/बार संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई कि निर्धारित समयावधि के बाद प्रतिष्ठान खोलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है प्रशासन का संदेश?

इस पूरे घटनाक्रम के बाद साफ है कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन अब कानून-व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।

फायरिंग की घटना ने जहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, वहीं सरकार की त्वरित कार्रवाई ने यह संकेत भी दे दिया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अब सख्ती तय है।