बड़ी खबर: ओवरटेकिंग विवाद में चली गोली, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत। दून में दिनदहाड़े सनसनी

ओवरटेकिंग विवाद में चली गोली, रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत। दून में दिनदहाड़े सनसनी

  • मसूरी रोड पर मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, राहगीर बना निशाना; फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की नाकेबंदी

देहरादून। राजधानी दून में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोमवार सुबह मसूरी रोड पर ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गोलीबारी में बदल गया, जिसकी चपेट में आकर मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर की मौत हो गई। मृतक की पहचान ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) मुकेश जोशी के रूप में हुई है, जो जोहड़ी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

पास देने को लेकर विवाद, फिर शुरू हुआ पीछा

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:50 बजे जोहड़ी गांव के पास दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो N कार के बीच ओवरटेकिंग को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा करना शुरू कर दिया।

टायर पर फायरिंग, राहगीर की गई जान

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के इरादे से उसके टायर पर फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली सड़क किनारे टहल रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पेड़ से टकराई कार, फिर मारपीट

फायरिंग के चलते फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास एक पेड़ से जा टकराई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवारों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन में तोड़फोड़ की।
इस घटना में फॉर्च्यूनर सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।

आरोपी फरार, पूरे जिले में नाकेबंदी

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे जिले में नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने देहरादून में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक मामूली ओवरटेकिंग विवाद का इस तरह खौफनाक रूप लेना शहर में बढ़ती आक्रामकता और सड़क पर हिंसा की गंभीर तस्वीर पेश करता है।