पाकिस्तानी नंबर से धमकी मामले में हाईकोर्ट सख्त, मोबाइल सौंपने के निर्देश। सुरक्षा पर उठे सवाल
नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट में हरिद्वार के चर्चित व्यक्ति राहुल भाटी को पाकिस्तानी फोन नंबर से मिली धमकियों के मामले में सुनवाई हुई।
न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ ने याचिकाकर्ता को अपना मोबाइल फोन व सिम कार्ड पुलिस को सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही एसएसपी को साइबर सेल के माध्यम से जांच कर यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि धमकियां वास्तविक हैं या नहीं।
न्यायालय ने स्पष्ट किया कि यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो याचिकाकर्ता और उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
आपराधिक मुकदमे को लेकर कोर्ट ने उठाया सवाल
सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि राहुल भाटी वर्ष 2018 के एक मुकदमे में आरोपी है।
इस पर न्यायालय ने सवाल उठाया कि क्या किसी आपराधिक मुकदमे का सामना कर रहा व्यक्ति सुरक्षा पाने का अधिकारी है। इस बिंदु पर याचिकाकर्ता के अधिवक्ता को अगली सुनवाई में अपना पक्ष रखने को कहा गया है।
मोबाइल नहीं सौंपने पर कोर्ट ने जताई नाराजगी
न्यायालय ने याचिकाकर्ता को निर्देश दिया था कि वह अपना मोबाइल व सिम एसएसपी को सौंपे, लेकिन पालन न करने पर उसे व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में उपस्थित होना पड़ा।
याचिकाकर्ता ने दलील दी कि वर्ष 2004 से उसे अपने खर्च पर सुरक्षा मिल रही थी, लेकिन पिछले पांच महीनों से यह सुरक्षा बंद है, जबकि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं।
+92 नंबर से 5 करोड़ की फिरौती की मांग
याचिकाकर्ता के अनुसार, उसे पाकिस्तान के +92 कोड वाले नंबर से व्हाट्सएप मैसेज और ऑडियो कॉल के जरिए धमकियां दी गईं, जिनमें 5 करोड़ रुपये की मांग की गई है।
साइबर जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित करने के निर्देश
न्यायालय ने एसएसपी को निर्देशित किया है कि मोबाइल फोन प्राप्त कर साइबर विशेषज्ञों सहित तीन अधिकारियों की टीम बनाकर मामले की जांच की जाए और एक महीने के भीतर रिपोर्ट पेश की जाए। आवश्यकता पड़ने पर मोबाइल की क्लोनिंग कर उसे वापस करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही कोर्ट ने कहा कि यदि खतरे की पुष्टि होती है, तो याचिकाकर्ता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। मामले को पूर्व में लंबित संबंधित याचिका के साथ जोड़ते हुए राज्य सरकार को अगली सुनवाई में सीलबंद लिफाफे में स्थिति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।




