Job Update: चंपावत में 2 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला। 2000 पदों पर चयन, ऐसे करें पंजीकरण

चंपावत में 2 अप्रैल को लगेगा रोजगार मेला। 2000 पदों पर चयन, ऐसे करें पंजीकरण

रिपोर्ट- मयंक पंत
चंपावत। जनपद के युवाओं के लिए रोजगार का सुनहरा अवसर सामने आया है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार 02 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को लोहाघाट में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेले के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि दूर-दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मेले में देश की 8 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी।

इनमें JBM Group, Spark Minda, Sansera Engineering सहित अन्य कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के एचआर प्रतिनिधियों द्वारा लगभग 2000 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।

मेले में भाग लेने के लिए शैक्षिक योग्यता का दायरा व्यापक रखा गया है। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, परास्नातक एवं बी.टेक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।

चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता एवं पद के अनुसार 10,000 से 25,000 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। साथ ही चयनित युवाओं को पंतनगर, रुद्रपुर, नोएडा एवं हरियाणा जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मिलेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रतियां, अद्यतन बायोडाटा तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो के साथ 2 अप्रैल को प्रातः 10:00 बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित होना होगा। मेले में भाग लेने के लिए National Career Service Portal पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।