एक ही दिन में कई बड़ी घटनाएं। ठगी, छापेमारी, हादसे और गिरफ्तारी। अब आपके पढ़ने की बारी….
देहरादून। उत्तराखंड में एक ओर जहां चारधाम यात्रा से पहले साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, सड़क हादसे, हत्या और फर्जी जमानत गैंग जैसे कई मामलों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चारधाम यात्रा से पहले साइबर ठग सक्रिय
देहरादून में STF उत्तराखंड और I4C ने चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर हो रही ठगी को लेकर अलर्ट जारी किया है। जांच में सामने आया है कि ठग फेसबुक पर पवन हंस लिमिटेड के नाम से फर्जी पेज बनाकर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं।
गिरोह की जड़ें बिहार तक पहुंचने की आशंका है। STF ने लोगों से केवल आधिकारिक माध्यमों से ही बुकिंग करने और संदिग्ध लिंक से बचने की अपील की है।
भीमताल में CDO का छापा, 21 कर्मचारी गायब
हल्द्वानी के भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने औचक निरीक्षण कर सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 15 और विकासखंड कार्यालय में 6 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। CDO ने सख्त रुख अपनाते हुए वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं।
उत्तरकाशी में दर्दनाक कार हादसा, चालक की मौत
उत्तरकाशी के नौगांव-पुरोला मोटर मार्ग पर एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें चालक विशन लाल (30) की मौके पर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी के लिए पुरोला जा रहा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
नैनीताल में बस हादसा, एक की मौत, 8 घायल
नैनीताल के खुपी क्षेत्र में केएमओयू की बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने की आशंका जताई गई है।
रुद्रपुर में ऑनलाइन ठगी, एक लाख रुपये उड़ाए
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक व्यक्ति को कस्टमर केयर अधिकारी बनकर ठग ने एक लाख रुपये की चपत लगा दी। ठग ने ऐप डाउनलोड कराकर और OTP लेकर खाते से रकम निकाल ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरिद्वार में फर्जी जमानत गैंग का भंडाफोड़
सिडकुल थाना पुलिस ने फर्जी जमानत दिलाने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है। सरगना समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी फर्जी दस्तावेजों के जरिए अदालत को गुमराह कर जमानत दिलाते थे।
मायादेवी पार्किंग हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार में मायादेवी पार्किंग में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 8 घंटे में खुलासा कर दिया। आरोपी संजीव (20) को गिरफ्तार किया गया है। उसने पूछताछ में बताया कि विवाद के बाद पत्थर से वार कर हत्या की थी।
प्रदेश में जहां एक ओर साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, वहीं सड़क हादसे, प्रशासनिक लापरवाही और आपराधिक घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के साथ-साथ आम जनता की सतर्कता भी बेहद जरूरी हो गई है।




