बिग ब्रेकिंग: प्रमोशन के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते सुपरवाइजर रंगेहाथ गिरफ्तार

प्रमोशन के नाम पर 50 हजार की रिश्वत लेते सुपरवाइजर रंगेहाथ गिरफ्तार

देहरादून। उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी मुहिम के तहत सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने हरिद्वार जिले के रुड़की में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।

देहरादून सतर्कता सेक्टर की ट्रैप टीम ने बाल विकास विभाग की एक सुपरवाइजर को प्रमोशन के नाम पर रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी सुपरवाइजर राखी सैनी को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते समय दबोचा गया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय तंत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, रुड़की ग्रामीण द्वितीय, हरिद्वार स्थित बाल विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात राखी सैनी पर प्रमोशन कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।

शिकायतकर्ता सपना कश्यप ने सतर्कता विभाग से संपर्क कर इस बाबत शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

इस मामले में थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

सतर्कता विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।