वीडियो: एम्स ऋषिकेश में हाईवोल्टेज ड्रामा। छठी मंजिल पर चढ़ा युवक, फिर हुआ यह…..

एम्स ऋषिकेश में हाईवोल्टेज ड्रामा। छठी मंजिल पर चढ़ा युवक, फिर हुआ यह…..

ऋषिकेश। उत्तराखंड के एम्स ऋषिकेश में बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक अस्पताल की छठी मंजिल की छत पर चढ़ गया और कूदने की कोशिश करने लगा।

देखें वीडियो:-

घटना करीब सुबह 11 बजे की है, जिसने अस्पताल परिसर में मौजूद सैकड़ों लोगों की सांसें थाम दीं। जैसे ही सुरक्षाकर्मियों की नजर युवक पर पड़ी, उन्होंने तुरंत स्थिति संभालते हुए उसे कूदने से रोकने के लिए बातचीत शुरू कर दी।

इसी दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य मरीज के तीमारदार ने बहादुरी दिखाते हुए चुपचाप छत पर पहुंचकर युवक को पीछे से पकड़ लिया और सुरक्षित खींच लिया। कुछ ही देर में अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंच गए और स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

घटना की जानकारी देते हुए एम्स के जनसंपर्क अधिकारी श्रीलोय मोहंती ने बताया कि युवक को मानसिक इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन वह इलाज कराने से इनकार कर रहा था।

इसी बीच उसने परिजनों से हाथ छुड़ाया और भागते हुए छठी मंजिल तक पहुंच गया। वहां लगे गेट की कुंडी तोड़कर वह छत पर चढ़ गया।

इस पूरी घटना के दौरान अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और चिकित्साकर्मियों के बीच दहशत का माहौल बना रहा। फिलहाल सुरक्षा अधिकारी युवक और उसके परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं।