शहीदी दिवस पर देहरादून में SGRRU के युवाओं की पदयात्रा, देशभक्ति नारों से गूंजा शहर
देहरादून। शहीदी दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत देहरादून के तत्वावधान में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर देशभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मालविका रहीं, जबकि एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद और श्रीमती कमला की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मेरा युवा भारत देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
पदयात्रा का शुभारंभ महान स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने युवाओं को देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर से पथरीबाग चौक तक पदयात्रा निकाली गई। प्रतिभागियों ने “मेरा भारत मेरी जिम्मेदारी”, “इंकलाब जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” जैसे नारों के साथ पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को रिफ्रेशमेंट वितरित किए गए। यह आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।




