देहरादून में अशासकीय विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन की बैठक, नए पदाधिकारियों का चयन

देहरादून में अशासकीय विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन की बैठक, नए पदाधिकारियों का चयन

देहरादून। समातन धर्म इंटर कॉलेज (बन्नू), रेसकोर्स में अशासकीय विद्यालय प्रबंधक एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तम सिंह नेगी ने की, जिसमें सर्वसम्मति से संगठन के नए पदाधिकारियों का चयन किया गया।

बैठक में गमतेश शर्मा (एडवोकेट, रुड़की) को प्रदेश अध्यक्ष, संजीव विरमानी (प्रबंधक, बन्नू कॉलेज) को प्रांतीय महासचिव और डॉ. घनश्याम गुप्ता को प्रदेश प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी चुना गया। इसके अलावा मखदुमपुर क्षेत्र के प्रबंधक डॉ. विजय कुमार प्रधान को हरिद्वार जिलाध्यक्ष नामित किया गया।

नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गमतेश शर्मा ने कहा कि प्रदेशभर के अशासकीय विद्यालयों के प्रबंधकों को एकजुट कर जल्द ही एक विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मिलकर विद्यालयों के साथ हो रहे कथित भेदभाव को समाप्त करने की मांग की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो प्रबंधक, अभिभावकों और छात्रों के साथ मिलकर राजधानी में आंदोलन और घेराव किया जाएगा।

प्रांतीय संरक्षक चंद्र मोहन सिंह पयाल ने बताया कि अशासकीय विद्यालयों की समस्याओं को लेकर 30 बिंदुओं का विस्तृत पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को भेजा गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस पर गंभीरता से विचार करेगी।

प्रांतीय महासचिव संजीव विरमानी ने कहा कि यदि सरकार का रवैया नहीं बदला, तो संगठन को मजबूर होकर खुला विरोध करना पड़ेगा।

बैठक में विभिन्न वक्ताओं ने चयन आयोग के गठन, सेवा शर्तों, प्रबंध समिति के कार्यकाल को 3 से बढ़ाकर 5 वर्ष करने, परिचारकों की नियुक्ति और विभागीय हस्तक्षेप जैसे मुद्दों पर नाराजगी जताई। उन्होंने इन सभी बिंदुओं पर जल्द समाधान की मांग की।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. घनश्याम गुप्ता ने किया। बैठक में विभिन्न जिलों से आए प्रबंधकों और पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।