बिग ब्रेकिंग: 2027 चुनाव से पहले धामी कैबिनेट का विस्तार, आज 5 नए मंत्री लेंगे शपथ

2027 चुनाव से पहले धामी कैबिनेट का विस्तार, आज 5 नए मंत्री लेंगे शपथ

देहरादून में आज लोकभवन में धामी सरकार के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार होने जा रहा है। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पांच नए विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण की तैयारियां जोरों पर हैं, हालांकि नए मंत्रियों के नाम अभी तक सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

दरअसल, वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद गठित सरकार में कई मंत्री पद लंबे समय से खाली चल रहे थे। शुरुआत में मुख्यमंत्री समेत 9 विधायकों को मंत्री बनाया गया था, जिससे तीन पद रिक्त रह गए। इसके बाद चंदन रामदास के निधन और प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद कुल पांच मंत्री पद खाली हो गए थे।

काफी समय से इन पदों को भरने की चर्चा चल रही थी, लेकिन अब जाकर कैबिनेट विस्तार को अंतिम रूप दिया गया है।

खास बात यह है कि 23 मार्च को राज्य सरकार के कार्यकाल के चार साल पूरे होने जा रहे हैं, जबकि इससे एक दिन पहले राजनाथ सिंह का उत्तराखंड दौरा भी प्रस्तावित है। ऐसे में इस विस्तार को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, इस विस्तार में क्षेत्रीय, जातीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है। साथ ही महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता देने पर भी फोकस रहेगा, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मजबूत राजनीतिक संदेश दिया जा सके।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है, जो सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल और जनसंतुलन को मजबूत करेगा।